Udayprabhat
uttrakhand

बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा, अलकनंदा नदी में गिरा पिकअप वाहन, तीन लोगों की तलाश जारी

ऋषिकेश बदरीनाथ हाईवे पर तीनधारा क्षेत्र में पिकअप वाहन अलकनंदा नदी में गिरा, एसडीआरएफ की टीम चला रही सर्च ऑपरेशन जारी

टिहरी: उत्तराखंड के बदरीनाथ हाईवे पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तीनधारा क्षेत्र में सैनिक होटल के समीप एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए अलकनंदा नदी में समा गया। हादसे के समय वाहन में तीन लोगों के सवार होने की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलते ही जिला कंट्रोल रूम ने राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को अलर्ट किया। सब इंस्पेक्टर सावर सिंह के नेतृत्व में टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचकर देखा गया कि वाहन नदी में गिर चुका है और तेज बहाव के कारण दिखाई नहीं दे रहा है।

ढालवाला पोस्ट से एसआई दीपक जोशी के नेतृत्व में दूसरी टीम भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना की गई। एसडीआरएफ की टीमें राफ्ट और डीप डाइविंग उपकरणों की मदद से अलकनंदा नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में तीन लोग सवार बताए जा रहे हैं, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। लापता व्यक्तियों की पहचान और उनके गृह जनपद की जानकारी जुटाई जा रही है।

हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और यातायात नियमों का पालन करें।

Leave a Comment