देहरादून: राजधानी में होली के अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने विभिन्न स्थानों पर होली मिलन समारोह आयोजित कर सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया। हरीश रावत की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रमों में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
प्रदेश महासचिव संजय कनौजिया द्वारा सुभाष रोड स्थित एक वेडिंग पॉइंट में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह से भर दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व केवल रंगों का नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने और आपसी दूरी मिटाने का अवसर है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता को मजबूत करने वाला बताया।
इसके बाद हरीश रावत कैंट विधानसभा क्षेत्र में बल्लीवाला चौक के पास आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में भी शामिल हुए। वहीं धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने भी होली मिलन समारोह आयोजित कर कार्यकर्ताओं के साथ रंगोत्सव मनाया।
प्रदेशभर में विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा होली मिलन कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जहां नेता और कार्यकर्ता मिलकर शांति, प्रेम और सद्भाव का संदेश दे रहे हैं।
