देहरादून: कूड़ा प्लांट से उठ रही दुर्गंध और फैल रही गंदगी के विरोध में पछवादून संयुक्त समिति ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम पर क्षेत्रवासियों को लंबे समय से झूठे आश्वासन देने का आरोप लगाया।
समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि कूड़ा प्लांट के कारण आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गंध और गंदगी से लोगों का जीना दूभर हो गया है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम के अधिकारी इस मामले में एनजीटी और सरकार को भी गुमराह कर रहे हैं। उनका कहना है कि क्षेत्रवासी कई वर्षों से इस समस्या के समाधान के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
समिति ने चेतावनी दी कि जब तक कूड़ा प्लांट को यहां से हटाया नहीं जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को दुर्गंध और गंदगी से राहत मिल सके।
