Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: ऑनलाइन गेमिंग के लालच में 1.77 करोड़ की ठगी, मुआवजे की रकम बेटे ने ट्रांसफर कर दी

हरिद्वार: ऑनलाइन गेमिंग के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक युवक से करीब 1.77 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार झबरेड़ा क्षेत्र के बेहड़ेकी सैदाबाद निवासी अभिमन्यु (18) पुत्र ओमकार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जनवरी 2025 में उसने प्ले स्टोर से कुछ ऑनलाइन गेमिंग एप डाउनलोड किए और गेम खेलना शुरू किया। धीरे-धीरे उसे ऑनलाइन गेम खेलने की आदत लग गई।

पीड़ित के मुताबिक जून 2025 में उसने यूट्यूब पर एक नई गेमिंग वेबसाइट का विज्ञापन देखा। इसके बाद उसके व्हाट्सएप नंबर पर कई अंतरराष्ट्रीय नंबरों से मैसेज और लिंक आने लगे, जिनके जरिए उसे ऑनलाइन गेम खेलने और निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। शुरुआत में थोड़े मुनाफे का लालच दिखाकर उसका भरोसा जीत लिया गया।

आरोपियों के कहने पर युवक ने जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 के बीच अपने और अपने पिता के विभिन्न बैंक खातों से यूपीआई के माध्यम से करीब 1 करोड़ 77 लाख 53 हजार 960 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बताया जा रहा है कि यह रकम उसके पिता को मुआवजे के तौर पर मिली थी।

बाद में जब युवक ने पैसे निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया और उससे और पैसे जमा करने का दबाव बनाने लगे। पीड़ित का आरोप है कि फर्जी गेमिंग एप और वेबसाइट के माध्यम से उसे अधिक मुनाफे का लालच देकर ठगी की गई। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि मामले में साइबर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment