Udayprabhat
uttrakhand

सोशल मीडिया पोस्ट पर घिरी उर्मिला सनावर पर मुकदमा, आरती गौड़ ने दी तहरीर

देहरादून: सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट को लेकर चर्चाओं में रहने वाली उर्मिला सनावर एक बार फिर कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ गई हैं। इस बार आरती गौड़ की शिकायत पर थाना नेहरू कॉलोनी में उनके खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।

पुलिस को दी गई तहरीर में आरती गौड़, निवासी मोथरोवाला चौक, ने आरोप लगाया है कि सहारनपुर के गोविंद नगर की रहने वाली उर्मिला सनावर ने फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से उनके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट साझा किए।
शिकायत के अनुसार, इन पोस्ट के कारण उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई, साथ ही लोगों को उनके खिलाफ उकसाने का भी प्रयास हुआ।

मोबाइल नंबर वायरल, मिलने लगीं धमकियां

आरती गौड़ ने आरोप लगाया कि उर्मिला सनावर ने उनका मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया, जिसके बाद उन्हें अज्ञात लोगों से लगातार कॉल और धमकियां मिलने लगीं। उन्होंने खुद को असुरक्षित बताते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

थाना नेहरू कॉलोनी के प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट्स और संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है।

पहले भी विवादों में रह चुकी हैं उर्मिला

उर्मिला सनावर इससे पहले भी चर्चाओं में रह चुकी हैं। उन्होंने कथित तौर पर अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े ऑडियो क्लिप्स सोशल मीडिया पर साझा किए थे, जिन्हें “ऑडियो बम” बताया गया था। इन दावों के आधार पर उन्होंने कुछ राजनीतिक नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिससे विवाद और गहरा गया था।

Leave a Comment