अल्मोड़ा: स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय जोगाराम आर्य की प्रतिमा का अनावरण समारोह उनके पैतृक गाँव स्थित राजकीय इंटर कॉलेज, गंगानगर मोतिया पाथर में भव्य रूप से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल रहे। उन्होंने जोगाराम आर्य के जीवन और योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने किशोरावस्था से ही समाज में व्याप्त जातिवाद, अशिक्षा और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान चलाया। उन्होंने उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वतंत्रता आंदोलन की अलख जगाने के साथ-साथ दलित और वंचित समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह में वक्ताओं ने स्व. जोगाराम आर्य के राष्ट्रसेवा, संघर्ष, सामाजिक चेतना और जनकल्याण के योगदान को स्मरण करते हुए उनके जीवन को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। अतिथियों ने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी रमेश चंद्र आर्य ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी संग्राम समिति (रजि.), दिल्ली के महामंत्री अप्पाराव एस. नावले उपस्थित रहे, जिनका प्रतिमा निर्माण में विशेष योगदान रहा।
इसके अलावा अखिल भारतीय शहीद एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महापरिषद (उत्तराखंड) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पंत, पंजाब से गुरिंदर पाल सिंह, अजीत पाल सिंह तथा दिल्ली से नित्यानंद शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य चारुचंद पंत के सहयोग की सराहना की गई और आयोजकों ने उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी के. आर. आर्य ने किया।
कार्यक्रम की आयोजक एवं स्व. जोगाराम आर्य की सुपुत्री डॉ. आशा लाल ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
