Udayprabhat
uttrakhand

पुलिस ने स्कूली बच्चों को पढ़ाया साइबर, महिला व सड़क सुरक्षा का पाठ

उत्तरकाशी में “अभया” अभियान के तहत पुलिस ने स्कूली बच्चों को पढ़ाया साइबर

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे “अभया” अभियान के तहत उत्तरकाशी पुलिस ने ऐंजेल इंटरनेशनल एकेडमी और अजीम प्रेमजी स्कूल, मातली में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, मानव तस्करी, नशे के दुष्प्रभाव और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपनिरीक्षक  गीता, प्रभारी महिला काउंसलिंग सेल ने छात्राओं को गुड टच-बैड टच, अच्छे और बुरे व्यवहार की पहचान, नशे से होने वाले नुकसान तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने पोक्सो एक्ट, बाल विवाह कानून, उत्तराखंड पुलिस ऐप, गौरा शक्ति फीचर, डायल-112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए आपात स्थिति में इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया।

वहीं आरक्षी नवीन रमोला ने बच्चों को मानव तस्करी और बाल अपराधों के प्रति सतर्क रहने, अनजान लोगों से सावधान रहने तथा मोबाइल और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने की सलाह दी।

चारधाम यात्रा के मद्देनज़र पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी। बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और बढ़ते यातायात दबाव के बीच सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर वेदप्रकाश सेमवाल (प्रधानाचार्य, ऐंजेल इंटरनेशनल एकेडमी), सुनील बिष्ट (प्रधानाचार्य, अजीम प्रेमजी स्कूल), अपर उपनिरीक्षक माया असवाल, कांस्टेबल वीरेन्द्र नेगी सहित विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Leave a Comment