उत्तरकाशी: उत्तरकाशी में पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के लिए एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने प्रधानमंत्री की ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील को जमीनी स्तर पर लागू करने के उद्देश्य से अपने सरकारी आवास से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पैदल यात्रा की।
इस दौरान उन्होंने न केवल आम जनता को जागरूकता का संदेश दिया, बल्कि रास्ते में स्थित दुकानों का निरीक्षण भी किया और विक्रेताओं को निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला अस्पताल का भी दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
डीएम प्रशांत आर्य ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं और सरकारी कर्मचारियों से अपील की कि वे सप्ताह में कम से कम एक दिन निजी वाहनों के बजाय पैदल चलने, साइकिल का उपयोग करने या सार्वजनिक परिवहन अपनाने की आदत डालें। उन्होंने कहा कि इससे ईंधन की बचत, प्रदूषण में कमी और बेहतर स्वास्थ्य—तीनों लाभ मिलते हैं।
