उत्तरकाशी: गंगा दशहरा के पावन अवसर पर गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश-विदेश से आए भक्त मां गंगा के दर्शन और पूजन के लिए लगातार धाम पहुंच रहे हैं। इस विशेष पर्व पर विभिन्न क्षेत्रों से देव डोलियों का आगमन भी जारी है, जिससे पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक रंग में रंग गया है।
देव डोलियों के स्वागत के दौरान गंगोत्री धाम में पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुन और “जय मां गंगा” के जयकारों से भक्तिमय वातावरण गूंज उठा।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। दर्शन के लिए कतारबद्ध व्यवस्था लागू की गई है तथा विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य शिविर, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित विभाग लगातार निगरानी कर रहे हैं।
