चमोली: आयुष्मान आरोग्य मंदिर चमोला द्वारा योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में कर्णप्रयाग विकासखंड के सेनू एवं सिमल्ट ग्रामों के विद्यालयों में द्विदिवसीय योग शिविर का सफल आयोजन किया गया।
सेनू ग्राम स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय एवं राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा सिमल्ट ग्राम के राजकीय प्राथमिक विद्यालय एवं राजकीय जूनियर हाई स्कूल में आयोजित इस शिविर में कुल 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
योग अनुदेशक सतेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया, जिनमें ग्रीवा संचालन, कटी संचालन, पाद हस्तासन, भुजंगासन, शशकासन, ताड़ासन, वृक्षासन सहित प्राणायाम, भ्रामरी और शवासन प्रमुख रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर हिमांशु डिमरी के निर्देशन में हुआ, जिन्होंने योगासनों की दैनिक जीवन में उपयोगिता एवं चिकित्सकीय महत्व पर प्रकाश डाला।
शिविर में विद्यालय स्टाफ ने भी योगाभ्यास में भाग लिया। अंत में विद्यार्थियों को योग संबंधी पुस्तिकाएं एवं IEC सामग्री वितरित की गई तथा सूक्ष्म जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
