चमोली: उत्तराखंड के चमोली जनपद के विकासखंड पोखरी स्थित सेरा मालकोटी गांव के युवा पर्वतारोही राहुल सिंह नेगी ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8,848 मीटर) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से पूरे उत्तराखंड में खुशी और गर्व का माहौल है।
कठिन बर्फीले तूफानों, अत्यंत चुनौतीपूर्ण मौसम और ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी जैसी विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए राहुल ने अपने साहस, दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर एवरेस्ट के शिखर तक पहुंचकर इतिहास रच दिया।
उनकी इस उपलब्धि को न केवल चमोली जिले, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है। जैसे ही यह खबर उनके पैतृक गांव सेरा मालकोटी पहुंची, वहां उत्सव जैसा माहौल बन गया। ग्रामीणों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने राहुल नेगी को बधाई देते हुए इसे उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद उत्तराखंड के युवा अपनी प्रतिभा और हौसले के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी पहचान बना रहे हैं।
