चमोली: चमोली जिले के गौचर मेला ग्राउंड में बुधवार सुबह चारधाम यात्रा पर आई एक महिला यात्री की बस की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना सुबह करीब सात बजे उस समय हुई जब यात्रियों से भरी बस ग्राउंड से रवाना होने लगी थी।
पुलिस के अनुसार बस के चालक ने वाहन को लापरवाही से चलाते हुए एक महिला यात्री को दाहिने अगले टायर से कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान 67 वर्षीय राजकुमारी, पत्नी शशिकांत शर्मा, निवासी गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह 15 मई को अपने परिवार के साथ चारधाम यात्रा पर निकली थीं।
पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर बस को सीज कर दिया है। मामले में पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, बस में सवार गुजरात के यात्रियों को वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कर सुरक्षित आगे रवाना किया गया।
