अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अल्मोड़ा जनपद को करीब 138 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर 17 योजनाओं का लोकार्पण तथा 9 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
यह कार्यक्रम सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के नवीन प्रशासनिक भवन में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, नगर विकास और ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा व्यवस्था और पेयजल योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने अल्मोड़ा को सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद बताया और कहा कि यहां की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन योजनाओं के पूर्ण होने से जनपद में सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल, कुलपति एसएसजे विश्वविद्यालय सतपाल सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, एसएसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
