Udayprabhat
uttrakhand

अल्मोड़ा में सीएम धामी के आगमन पर युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, कई कार्यकर्ता हिरासत में

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय (SSJ विश्वविद्यालय) में कथित अनियमितताओं, भर्ती प्रक्रियाओं, आरक्षण रोस्टर, निर्माण कार्यों में गड़बड़ियों और शिक्षा व्यवस्था की स्थिति को लेकर नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारियों ने गांधी पार्क, चौघानपाटा से रैली निकालकर विश्वविद्यालय की ओर जाने का प्रयास किया और “विश्वविद्यालय बचाओ”, “कुलपति इस्तीफा दो”, “मुख्यमंत्री गो बैक” तथा “भ्रष्टाचार बंद करो” जैसे नारे लगाए। इस दौरान पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई युवा कांग्रेस नेताओं और छात्र नेताओं को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। इससे कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।

इसी दौरान नगर निगम पार्षद वैभव पांडे ने भी नगर निगम की उपेक्षा और विकास कार्यों में भेदभाव के आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री का काले झंडों से विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका लोकतांत्रिक विरोध जारी रहेगा।

वहीं युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन पर वित्तीय अनियमितताओं, पक्षपातपूर्ण नियुक्तियों और छात्रों के हितों की अनदेखी के गंभीर आरोप लंबे समय से उठते रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

Leave a Comment