Udayprabhat
uttrakhand

राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह अल्मोड़ा में सम्पन्न, 32 संस्थाएं सम्मानित

अल्मोड़ा: उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर सतत विकास लक्ष्यों (SDG) के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले 32 संगठनों, व्यक्तियों और समूहों को उनके नवाचार, समाज सेवा और सतत विकास में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में जिला स्तरीय एसडीजी रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपदों को भी पुरस्कृत किया गया। वार्षिक रैंकिंग में रुद्रप्रयाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्तरकाशी और नैनीताल संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि बागेश्वर, चमोली और टिहरी को तृतीय स्थान पर रखा गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम उन सभी कर्मयोगियों को सम्मानित करने का अवसर है जिन्होंने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार और उत्कृष्ट कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है और राज्य अब एसडीजी इंडेक्स में देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है।

सीएम धामी ने कहा कि पर्वतीय राज्य होने के कारण उत्तराखंड को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन पर्यावरण और विकास के संतुलन से ही स्थायी विकास संभव है। उन्होंने इकोलॉजी और इकोनॉमी के संतुलन पर जोर देते हुए कहा कि सरकार योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कर रही है।

उन्होंने आगे बताया कि बीते वर्षों में राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि, प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। साथ ही उद्योग, स्टार्टअप, ग्रीन एनर्जी और बुनियादी ढांचे के विकास से राज्य में रिवर्स पलायन में भी वृद्धि हुई है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। उन्होंने भी राज्य की उपलब्धियों की सराहना की और एसडीजी लक्ष्यों को प्राप्त करने में सामूहिक भागीदारी पर जोर दिया।

Leave a Comment