Udayprabhat
uttrakhand

मजदूरी छोड़ बना गांजा तस्कर, 70 हजार का माल बरामद, आरोपी गिरफ्तार

कलियर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ‘नशा मुक्त देवभूमि’ अभियान में आरोपी गिरफ्तार

पिरान कलियर: ‘नशा मुक्त देवभूमि’ एवं ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत पिरान कलियर पुलिस ने अवैध नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 2.416 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत 1 जून को पिरान कलियर पुलिस टीम ने मुकर्रबपुर स्थित सरकारी स्कूल के पास चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.416 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुन्तियाज पुत्र मोहम्मद ताहिर (35 वर्ष) निवासी धरमपुर सरोवगी, थाना कोतवाली देवबंद, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वर्तमान में वह मुकर्रबपुर, पिरान कलियर में रह रहा था।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी का कार्य करता है, लेकिन अधिक धन कमाने के लालच में गांजा तस्करी के धंधे में उतर गया। उसने बताया कि वह रुड़की से गांजा लाकर कलियर क्षेत्र में जमा करता था और फिर बाबा वेशधारी व्यक्तियों तथा नशे के आदी लोगों को छोटी-छोटी मात्रा में बेचकर मुनाफा कमाता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली पिरान कलियर में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई को सफल बनाने में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी, उपनिरीक्षक विनोद कुमार गोला, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, हेड कांस्टेबल इसरार तथा होमगार्ड अंकित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment