चमोली: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उरगम घाटी स्थित ध्यान बद्री एवं कल्पेश्वर क्षेत्र में 5 और 6 जून को आयोजित होने वाले 29वें गौरा देवी पर्यावरण एवं प्रकृति पर्यटन विकास मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेले का आयोजन स्थानीय जनता के सहयोग से तथा जय नंदा देवी स्वरोजगार शिक्षण संस्थान (जनदेश) के संयोजन में किया जा रहा है।
मेले की तैयारियों के तहत राजकीय अटल उत्कृष्ट विद्यालय उरगम में वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। आयोजन को सफल बनाने के लिए स्वागत, सांस्कृतिक एवं खेल समितियों का गठन किया गया है।
जनदेश के सचिव लक्ष्मण सिंह नेगी ने बताया कि मेले में पारंपरिक खाद्य व्यंजन प्रतियोगिता, बच्चों और महिलाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। अब तक 20 से अधिक महिला समूह सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।
मेले के दौरान समाज, पर्यावरण, कला, साहित्य, संगीत और आजीविका के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को गौरा देवी सम्मान-2026 से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के 21 प्रतिभावान बच्चों को बाल प्रतिभा सम्मान प्रदान किया जाएगा।
इस वर्ष उच्छो ग्वाड़-कलगोठ गांव के रोहित चौहान को विशेष सम्मान दिया जाएगा। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों में शिक्षा प्राप्त कर उन्होंने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद हासिल किया है। उनकी माता सुमित्रा देवी का भी नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।
इसके अलावा देवग्राम के छात्र ऋषभ नेगी को कूड़ा प्रबंधन के लिए विकसित किए गए उनके अभिनव वैज्ञानिक उपकरण के लिए सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह मेला पर्यावरण संरक्षण, लोक संस्कृति और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच है।
