चमोली: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मौल्यार फाउंडेशन एवं बहु-बेटी सेवार्थ समूह के संयुक्त तत्वावधान में गौचर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में भाजपा नेता सतीश लखेड़ा, रानीगढ़ मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष सरोज भंडारी तथा उडन अम्ब्रेला के संस्थापक अनिल जोशी का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और कार्यक्रम को सफल बनाया।
इस दौरान बहु-बेटी सेवार्थ समूह की अध्यक्ष रानों काजल भंडारी द्वारा महिला उद्यमिता एवं कौशल विकास विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आई महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और अपने हुनर को व्यवसाय में बदलने के महत्वपूर्ण तरीकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा। आयोजन में मौल्यार फाउंडेशन के संस्थापक दुर्गा सिंह भंडारी का भी विशेष सहयोग रहा।
अंत में रानों काजल भंडारी ने पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण के संकल्प को आगे बढ़ाने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने शिवालिक पब्लिक स्कूल गौचर के संस्थापक का धन्यवाद भी व्यक्त किया, जिन्होंने कार्यक्रम हेतु विद्यालय परिसर उपलब्ध कराया।
