देहरादून: उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल तथा हाल ही में पद्मभूषण सम्मान से अलंकृत भगत सिंह कोश्यारी का देहरादून स्थित डिफेन्स कॉलोनी कार्यालय में सम्मान किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ क्रिकेटर एवं समाजसेवी प्रकाश जोशी तथा जनचेतना संस्था के संस्थापक एवं राज्य आंदोलनकारी योगेश पांडे ने उनसे शिष्टाचार भेंट की। सत्य साईं सेवा संगठन उत्तराखण्ड की ओर से कोश्यारी को भगवान शिव एवं स्वामी का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
करीब आधे घंटे तक चली आत्मीय मुलाकात में सामाजिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और समसामयिक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। इस दौरान प्रकाश जोशी ने भगत सिंह कोश्यारी को प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व सादगी, अनुभव और राष्ट्रसेवा का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि एक कुशल राजनीतिज्ञ, प्रखर वक्ता और बहुभाषाविद होने के बावजूद कोश्यारी का व्यवहार अत्यंत सहज और सरल है।
प्रकाश जोशी ने कहा कि कोश्यारी से प्रत्येक मुलाकात नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच प्रदान करती है। उन्होंने पद्मभूषण सम्मान को कोश्यारी के दशकों लंबे जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण में योगदान का सम्मान बताया।
इस अवसर पर भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी संस्कृति, सेवा भावना और समाज के प्रति समर्पण में निहित है। उन्होंने युवाओं से सेवा, संस्कार और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। मुलाकात के दौरान समाजहित, पर्यावरण संरक्षण, आध्यात्मिक जागरूकता और उत्तराखण्ड के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
