Udayprabhat
uttrakhand

हरिद्वार में टूरिस्ट व यात्री बसों पर विशेष सुरक्षा अभियान, अग्निशमन यंत्रों और इमरजेंसी एग्जिट की हुई जांच

हरिद्वार: यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हरिद्वार पुलिस ने टूरिस्ट एवं यात्री बसों के लिए विशेष निरीक्षण और जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर यातायात पुलिस, सीपीयू टीम और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से बसों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान इलेक्ट्रिक बसों सहित विभिन्न यात्री वाहनों में लगे अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) की उपलब्धता, वैधता और कार्यक्षमता की जांच की गई। साथ ही चालकों और परिचालकों को आग लगने जैसी आपात परिस्थितियों में सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग, नियमित जांच और रखरखाव के बारे में जानकारी दी गई।

निरीक्षण के दौरान बसों के आपातकालीन निकास द्वार (इमरजेंसी एग्जिट) और निकासी मार्गों को हर समय अवरोधमुक्त रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने बसों में स्थापित अन्य सुरक्षा उपकरणों का परीक्षण कर यात्रियों की सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने के लिए कहा।

पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे। साथ ही वाहन संचालकों से निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा उपकरणों का प्रभावी उपयोग करने की अपील की गई।

Leave a Comment