Udayprabhat
uttrakhand

गर्भवती पत्नी से मारपीट, पेट में पल रहे अजन्मे शिशु की मौत, पति गिरफ्तार

विकासनगर: विकासनगर के सहसपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां अपनी गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट करने के आरोप में पति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मारपीट के बाद गर्भ में पल रहे 8 माह के शिशु की मौत हो गई, जिसके बाद महिला को देहरादून के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन के जरिए मृत शिशु को बाहर निकाला गया। महिला का इलाज जारी है और उसकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, यह मामला 9 जून का है, जब बालूवाला निवासी शेर सिंह ने कोतवाली सहसपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी सीमा को उसका पति बबलू, जो मूल रूप से हरियाणा के पानीपत का रहने वाला है और वर्तमान में जस्सोवाला में रह रहा था, लगातार प्रताड़ित करता था।

आरोप है कि तीसरी बार गर्भवती होने पर, और दो बेटियों के बाद बेटे की उम्मीद में, पति ने कथित तौर पर जबरन भ्रूण लिंग परीक्षण कराया। रिपोर्ट में बेटी होने की जानकारी मिलने पर उसने गुस्से में आकर पत्नी के साथ मारपीट की और पेट पर लात मार दी। इसके साथ ही करंट लगाने का भी आरोप लगाया गया है।

मारपीट के बाद गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। पीड़िता की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सर्जरी कर मृत शिशु को बाहर निकाला।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी शादी साल 2020 में सीमा के साथ हुई थी. वो पानीपत में प्रिटिंग प्रेस का काम करता है. आरोपी ने स्वीकार किया है कि बीती 6 जून को उसका पत्नी के साथ विवाद हुआ था, इसी दौरान उसने लकड़ी के फट्टे से उसकी पिटाई की थी. जिसमें गर्भ में पल रहे 8 महीने के शिशु की मौत हो गई.“- प्रदीप रावत, सहसपुर कोतवाल

 

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की और आरोपी पति बबलू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं और आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

Leave a Comment