Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhandदेश

पूर्व अंतरराष्ट्रीय शूटर जसपाल राणा का निधन, 49 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

नई दिल्ली/देहरादून: भारतीय खेल जगत से दुखद खबर सामने आई है। पूर्व अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज और भारतीय शूटिंग टीम के हाई परफॉर्मेंस कोच जसपाल राणा के निधन की सूचना ने खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को स्तब्ध कर दिया है। बताया जा रहा है कि 49 वर्षीय राणा ने शुक्रवार सुबह नई दिल्ली के मैक्स साकेत अस्पताल में अंतिम सांस ली।

जानकारी के अनुसार, जसपाल राणा हाल ही में जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में भारतीय शूटिंग टीम के साथ हाई परफॉर्मेंस कोच के रूप में गए थे। भारत लौटते समय उन्हें असहज महसूस हुआ, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

जसपाल राणा भारतीय शूटिंग के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते थे। उन्होंने अपने करियर में कई अंतरराष्ट्रीय पदक जीते और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल कर देश का नाम रोशन किया। खिलाड़ी के रूप में शानदार सफलता हासिल करने के बाद उन्होंने कोचिंग की जिम्मेदारी संभाली और भारतीय शूटिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राणा ने पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतने वाली मनु भाकर समेत कई युवा निशानेबाजों को प्रशिक्षित किया। उनके शिष्यों में अनीश भानवाला, सौरभ चौधरी और चिंकी यादव जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।

उत्तराखंड में वर्ष 1976 में जन्मे जसपाल राणा को शूटिंग की शुरुआती ट्रेनिंग उनके पिता नारायण सिंह राणा से मिली थी। बाद में उन्होंने देहरादून में ‘जसपाल राणा इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी’ की स्थापना की, जहां युवाओं को खेल और शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में प्रशिक्षण दिया जाता है।

जसपाल राणा के निधन की खबर से खेल जगत में शोक की लहर है। कई खिलाड़ियों, खेल संगठनों और राजनीतिक हस्तियों ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Leave a Comment