चमोली: चमोली जनपद के देवाल-घेस मोटर मार्ग पर कुनाड़ बैंड के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक कमर्शियल बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरकर केल नदी में समा गया। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार वाहन देवाल से घेस की ओर जा रहा था, तभी कुनाड़ बैंड के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना स्थल अत्यंत दुर्गम होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा स्थानीय लोगों को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
हादसे में जानकी देवी (28), दीपू (7), अर्जुन सिंह (60) तथा आलम सिंह (54) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हरेंद्र सिंह (चालक), खड़क सिंह, उमा देवी तथा 15 वर्षीय एक किशोरी घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। गहरी खाई और नदी क्षेत्र होने के कारण शवों एवं घायलों को सड़क तक लाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।
