Udayprabhat
uttrakhand

जंगल की आग बुझाने गए फॉरेस्ट गार्ड की आग की चपेट में आकर दर्दनाक मौत

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जनपद के पुरोला क्षेत्र में जंगल की आग बुझाने गए एक वनकर्मी की आग की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से वन विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टॉन्स वन प्रभाग पुरोला के अंतर्गत वन विभाग में फॉरेस्ट गार्ड के पद पर कार्यरत सोहन सिंह रावत ठड़ूग बीट में तैनात थे। बुधवार रात जंगल में लगी आग को बुझाने के लिए वे अपने तीन अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। वनाग्नि पर काबू पाने के प्रयास के दौरान रात लगभग साढ़े आठ बजे अचानक वह आग की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुरोला रेंज की रेंज अधिकारी अमिता थपलियाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सोहन सिंह रावत कुछ समय पहले ही स्थानांतरण होकर पुरोला रेंज में आए थे। वे पूरी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ वनाग्नि नियंत्रण कार्य में जुटे हुए थे।

वनकर्मी की असामयिक मृत्यु से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल, पूर्व विधायक मालचंद, ब्लॉक प्रमुख सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपने साथी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठ योगदान को याद किया।

Leave a Comment