देहरादून: देहरादून के राजेश्वर नगर स्थित एक छात्रावास में रहने वाली एक छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना को लेकर छात्रा के पिता ने हत्या के प्रयास की आशंका जताते हुए हॉस्टल में रहने वाली चार छात्राओं के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार, आगरा निवासी राहुल भगौर की बेटी डेलिशा भगौर देहरादून के एक शिक्षण संस्थान में पढ़ाई करती है और राजेश्वर नगर स्थित स्काईलाइन अपार्टमेंट फेज-1 के छात्रावास में रह रही थी। चार जून की देर रात परिवार को सूचना मिली कि डेलिशा तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई है।
घटना के बाद छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह न्यूरो आईसीयू में उपचाराधीन है। परिजनों का कहना है कि उसकी स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
छात्रा के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने हॉस्टल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित रखने तथा घटना के समय मौजूद सभी छात्राओं के अलग-अलग बयान दर्ज करने की मांग की है।
शिकायत में कुछ छात्राओं पर बेटी को धक्का देकर नीचे गिराने की आशंका भी जताई गई है। पुलिस ने चार छात्राओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
