Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

नाबालिग दुष्कर्म मामला: दुष्कर्म के बाद बाजार में तनाव, दुकान में तोड़फोड़, चार नामजद सहित कई पर केस दर्ज

देहरादून: देहरादून के नगर कोतवाली क्षेत्र के लख्खी बाग (झंडा बाजार) में 14 वर्षीय किशोरी से कथित दुष्कर्म के मामले के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद आरोपी से जुड़े एक चूड़ी व्यापारी की दुकान में तोड़फोड़ की घटना हुई।

दुकान मालिक की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद और करीब 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 18 जून की शाम कुछ लोग दुकान में घुसे और कथित रूप से धार्मिक टिप्पणी करते हुए लाठी-डंडों और कड़े से हमला किया। आरोप है कि हमले के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर तोड़ दिया गया और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे व्यापारी को आर्थिक नुकसान हुआ।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि अचानक हुए हमले के कारण दुकान में अफरातफरी मच गई और उन्हें किसी तरह अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है।

पीड़ित दुकानदार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर में ललित सिंह, अमन स्वेडिया, सिधांत बड़ोनी और रोहित मौर्य को नामजद और घटना में शामिल 20 से 25 अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. जिन पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है.
-हरिओम चौहान,नगर कोतवाली प्रभारी-

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। नगर कोतवाली प्रभारी के अनुसार जांच की जिम्मेदारी एक उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई और गिरफ्तारी की जाएगी।

वहीं दूसरी ओर, 14 वर्षीय किशोरी से जुड़े कथित दुष्कर्म के मामले में मेडिकल प्रक्रिया जारी है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। प्रशासन ने इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।

Leave a Comment