Udayprabhat
uttrakhand

वायरल वीडियो के लिए हेलीपैड पर स्टंटबाजी पड़ा भारी, पुलिस ने युवक पर की कार्रवाई

कर्णप्रयाग : कर्णप्रयाग में एक युवक सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की चाह में  हेलीपैड पर स्टंट करना महंगा पड़ गया। भराड़ीसैंण क्षेत्र के हेलीपैड पर युवक द्वारा बनाया गया एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल होने लगा, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।

वीडियो की जांच के दौरान पुलिस ने युवक की पहचान कर उसे पकड़ लिया। अधिकारियों के अनुसार, युवक ने सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए हेलीपैड परिसर में खतरनाक गतिविधि की थी, जिससे उसकी जान के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी।

पुलिस ने युवक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई की। साथ ही लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की गई कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स पाने के लिए किसी भी प्रकार के जोखिम भरे स्टंट या नियमों के उल्लंघन से बचें।

पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा मानकों का पालन करना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment