विभिन्न विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी, पात्र लाभार्थियों को लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई
उत्तरकाशी: केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ के सभागार में शुक्रवार को एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
पालिका अध्यक्ष कुसुम राणा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास, ग्राम्य विकास, पशुपालन, उद्यान, पंचायत राज, कृषि, समाज कल्याण तथा खाद्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। इस दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनी गईं तथा योजनाओं से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष कुसुम राणा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिशासी अधिकारी के माध्यम से सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
