देहरादून: चिन्यालीसौड़ में क्षेत्र भ्रमण के दौरान टिहरी लोकसभा सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह को देहरादून–रायपुर–सुवाखोली मोटरमार्ग के चौड़ीकरण को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल सहित भाजपा नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मार्ग की संकरी स्थिति पर चिंता जताई।
प्रतिनिधियों ने बताया कि यह मार्ग देहरादून को उत्तरकाशी जिले से जोड़ता है और यात्रा दूरी कम करता है, लेकिन इसकी चौड़ाई मात्र 3.5 से 5 मीटर होने और अंधे मोड़ों के कारण यहां दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कई स्थानों पर दो बड़े वाहनों का आमने-सामने निकलना मुश्किल हो जाता है, जिससे यातायात बाधित होता है और हादसों की आशंका बढ़ जाती है।
उन्होंने सड़क के शीघ्र चौड़ीकरण की मांग को क्षेत्रीय सुरक्षा और विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। सांसद ने इस मुद्दे पर जनहित में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
