Udayprabhat
uttrakhand

बच्चों को रस्सी से बांधकर पीटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

रुड़की: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में चार नाबालिग बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। कोल्ड ड्रिंक चोरी के शक में बच्चों को रस्सी से बांधकर डंडों से पीटने और बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, दरियापुर गांव में चार मासूम बच्चों पर कोल्ड ड्रिंक चोरी का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने उन्हें रस्सी से बांध दिया और डंडों से बेरहमी से पीटा। वायरल वीडियो में बच्चे डरे-सहमे नजर आ रहे हैं, जबकि आरोपी उन्हें धमकाते हुए मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना ने क्षेत्र में आक्रोश पैदा कर दिया।

मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जांच शुरू की गई और आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ किशोर न्याय अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी मेघराज और महावीर को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता या कानून को अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।

Leave a Comment