उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा-2026 के प्रथम चरण में उत्कृष्ट यात्रा प्रबंधन, प्रभावी यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित सेवाएं उपलब्ध कराने में उल्लेखनीय योगदान के लिए गंगोत्री मंदिर समिति ने पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय सहित गंगोत्री धाम में तैनात उत्तरकाशी पुलिस एवं SDRF के अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया।
सम्मान समारोह में गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव एवं रावल सुरेश सेमवाल ने पुलिस अधीक्षक को स्मृति-चिह्न एवं मां गंगा का प्रसाद भेंट कर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने चारधाम यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए उत्तरकाशी पुलिस की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई दी।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक हर्षिल प्रदीप तोमर, चौकी प्रभारी गंगोत्री प्रमोद उनियाल, अपर उपनिरीक्षक देवदास, आरक्षी पंचम राणा, नवनीत, कुलदीप तोमर, नवीन पोखरिया, पुष्पा तथा होमगार्ड वीरेंद्र (SDRF) सहित कई अधिकारियों एवं जवानों को भी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
मंदिर समिति के अनुसार, चारधाम यात्रा के प्रथम चरण के 71 दिनों में लगभग 6.7 लाख श्रद्धालु गंगोत्री धाम में मां गंगा के दर्शन कर चुके हैं। भारी भीड़ के बावजूद उत्तरकाशी पुलिस ने यातायात, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और दर्शन व्यवस्था का कुशल संचालन किया। साथ ही जरूरतमंद श्रद्धालुओं की सहायता कर पुलिसकर्मियों ने सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का उत्कृष्ट परिचय दिया।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने मंदिर समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा-2026 के लिए उत्तरकाशी पुलिस का ध्येय वाक्य “सुविधा, सुरक्षा एवं सम्मान” है। उन्होंने कहा कि मंदिर समिति, प्रशासन, मीडिया, स्थानीय जनता और व्यापारियों के सहयोग से यात्रा व्यवस्थाओं को भविष्य में और अधिक सुदृढ़ एवं सुगम बनाया जाएगा। समारोह के अंत में पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को नकद पारितोषिक देकर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
