न्याय नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी, दलित समाज में रोष
हरिद्वार: पूर्व विधायक प्रणव सिंह ‘चैंपियन’ के खिलाफ दर्ज एससी/एसटी एक्ट मामले में उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने रविवार को एसपी क्राइम हरिद्वार निशा यादव को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि लक्सर क्षेत्र के खेड़ी कला निवासी सचिन कुमार के साथ पूर्व विधायक ने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जातिसूचक शब्द कहे तथा महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी की। मामले में तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के पदाधिकारियों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील की।
जिला अध्यक्ष तीर्थपाल रवि ने कहा कि जब तक मामले में निष्पक्ष कार्रवाई कर पूर्व विधायक की गिरफ्तारी नहीं की जाती, तब तक दलित समाज शांत नहीं बैठेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित को न्याय नहीं मिला तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार उत्तराखंड का दलित बाहुल्य जनपद है और प्रशासन को कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक का व्यवहार पहले भी विवादों में रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आवश्यक है। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के तहत उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
