चंपावत: उत्तराखंड के चंपावत जिले के बनलेख क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खटीमा से पिथौरागढ़ जा रही कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही चंपावत कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस और एसडीआरएफ जवानों ने खड़ी पहाड़ी से नीचे उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने एक घायल को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है।
डीएम ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच के आदेश दिए हैं। एसडीएम चंपावत को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर 15 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटना के कारणों की तथ्यपरक जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
चंपावत पुलिस ने पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने मोड़ों और ढलानों पर गति नियंत्रित रखने तथा खराब मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है। साथ ही सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
