Udayprabhat
uttrakhand

निष्ठा, लगन और समर्पण से कावड़ मेला ड्यूटी निभाने पर नरेंद्र राठी सम्मानित

रुड़की: कावड़ मेला ड्यूटी के दौरान निष्ठा, लगन, अनुशासन, समर्पण, विनम्रता और दृढ़ता के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले कोतवाली रुड़की में नियुक्त अपर उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह राठी को हरिद्वार में आयोजित कावड़ मेला समापन समारोह में अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था), उत्तराखंड द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

अपर उप निरीक्षक नरेंद्र राठी की ड्यूटी कावड़ मेले के दौरान मुख्य डाइवर्जन स्थल गणेशपुर पुल (टैंक चौक) पर लगाई गई थी। यहां उन्होंने कांवड़ियों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए फ्लेक्सी बोर्ड और दिशा-सूचक बोर्ड लगाकर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया। उनके प्रयासों से टैंक चौक को आकर्षक एवं व्यवस्थित स्वरूप मिला, जिसकी आमजन, स्थानीय दुकानदारों, पुलिस अधिकारियों, मीडिया कर्मियों, विशेष पुलिस अधिकारियों एवं यातायात वॉलिंटियर्स ने जमकर सराहना की।

बाद में नहर पटरी टैंक चौक पर कांवड़ियों की निकासी कम होने और नगला इमरती डाइवर्जन पर डाक कांवड़ का भारी दबाव बढ़ने के चलते पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद्र सुयाल ने नरेंद्र राठी के अनुभव एवं कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें हाईवे डाइवर्जन नगला इमरती पर तैनात किया।

नगला इमरती हाईवे डाइवर्जन पर भी नरेंद्र राठी ने भारी कांवड़ जनसैलाब को व्यवस्थित ढंग से डायवर्ट करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके शांत व्यवहार, अनुशासन, दृढ़ता और समर्पण की आमजन, स्थानीय दुकानदारों, विशेष पुलिस अधिकारियों, मीडिया कर्मियों एवं पुलिस अधिकारियों ने प्रशंसा की।

कावड़ मेला समापन समारोह में उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था), उत्तराखंड द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान से पुलिस विभाग में उनके साथियों एवं अधिकारियों ने भी उनका उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Comment