Udayprabhat
accidentuttrakhand

रामनगर में दर्दनाक सड़क हादसा: कार डिवाइडर से टकराई, IFTM के छात्र की दर्दनाक मौत, दो गंभीर

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से आ रहे थे चार युवक, तेज रफ्तार और झपकी बना हादसे की वजह, पुलिस जांच में जुटी.

रामनगर (नैनीताल): उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। टांडा क्षेत्र के पास मुरादाबाद से आए पर्यटकों की कार डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चौथे युवक को मामूली चोटें आई हैं।

तड़के करीब तीन बजे हुआ हादसा, डिवाइडर से टकराई कार

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा तड़के करीब 3 बजे हुआ, जब चार युवक—आदित्य ठाकुर, ध्रुव, अभय और एक अन्य युवक—कार से मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) से रामनगर की ओर आ रहे थे। रामनगर पहुंचने से ठीक पहले टांडा के पास उनकी कार बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई।

आदित्य ठाकुर की मौके पर मौत, दो साथी गंभीर रूप से घायल

हादसे में आदित्य ठाकुर (पुत्र सतेंद्र सिंह) की मौके पर ही मौत हो गई। आदित्य मुरादाबाद के काजीपुरा क्षेत्र का निवासी था और IFTM यूनिवर्सिटी से बीटेक कर रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।

डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद आदित्य को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो युवकों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। चौथे युवक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस ने शुरू की जांच:

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह तेज रफ्तार और नींद की झपकी लग रही है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही सटीक कारण स्पष्ट होगा।

Leave a Comment