हरिद्वार को छोड़ प्रदेश के 12 जिलों में 24 और 28 जुलाई को होगा मतदान, 31 जुलाई को मतगणना; 47 लाख से अधिक मतदाता डालेंगे वोट.
देहरादून (रोहित सोनी): उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना आखिरकार जारी कर दी गई है। प्रदेश सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से शुक्रवार को घोषित कार्यक्रम के अनुसार, हरिद्वार को छोड़कर बाकी 12 जिलों में पंचायत चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण का मतदान 24 जुलाई को और दूसरे चरण का मतदान 28 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना 31 जुलाई को की जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक अधिसूचना 30 जून को जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा जारी की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित जिलों में नामांकन, जांच, नाम वापसी और प्रतीक आवंटन की प्रक्रिया भी तय तिथियों के अनुसार की जाएगी।
7,499 ग्राम पंचायतों में होंगे चुनाव, कुल 66,418 पदों पर डाले जाएंगे वोट
इन पंचायत चुनावों के तहत प्रदेश के 89 विकासखंडों और 7,499 ग्राम पंचायतों में 66,418 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। इसमें शामिल हैं:
ग्राम पंचायत सदस्य: 55,587 पद
ग्राम प्रधान: 7,499 पद
क्षेत्र पंचायत सदस्य: 2,974 पद
जिला पंचायत सदस्य: 358 पद
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, कुल 8,276 मतदान केंद्र और 10,529 मतदान स्थल बनाए गए हैं।
4.77 लाख से अधिक मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
इस बार पंचायत चुनावों में कुल मतदाताओं की संख्या 47,77,072 है, जिनमें:
पुरुष मतदाता: 24,65,702
महिला मतदाता: 23,10,996
अन्य (थर्ड जेंडर): 374
पिछले चुनाव की तुलना में इस बार 10.57% यानी लगभग 4.57 लाख नए मतदाता जुड़े हैं।
मतपत्र होंगे रंग आधारित, हर पद के लिए अलग रंग
इस बार भी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में मतपत्रों को पदों के अनुसार रंगों में बांटा गया है:
ग्राम पंचायत सदस्य – सफेद
ग्राम प्रधान – हरा
क्षेत्र पंचायत सदस्य – नीला
जिला पंचायत सदस्य – गुलाबी
हाई कोर्ट के आदेश के बाद दोबारा जारी हुआ कार्यक्रम:
गौरतलब है कि 21 जून को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आचार संहिता के साथ चुनावी अधिसूचना जारी की गई थी। लेकिन नैनीताल हाई कोर्ट के निर्देशों के चलते चुनावी प्रक्रिया को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। अब कोर्ट की अनुमति के बाद नया चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
