Udayprabhat
accidentuttrakhand

काशीपुर में हाईवे पर दर्दनाक हादसा, डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक-युवती की दर्दनाक मौत

रुद्रपुर: काशीपुर हाईवे पर बुधवार देर शाम एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे बाइक सवार युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बागवाला गांव के पास यह दुर्घटना उस समय हुई जब बाइक सवार युवक-युवती गदरपुर से अपने घर लौट रहे थे। अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक सीधे हाईवे के डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार सड़क किनारे जा गिरे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और माहौल गमगीन हो गया।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान खेड़ा कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय अजय पाल और शांति कॉलोनी निवासी रोली के रूप में हुई है। अजय पाल सिडकुल की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि दोनों बुधवार सुबह किसी आवश्यक कार्य से गदरपुर गए थे और शाम को लौटते समय यह दुर्घटना हुई।

मामले की जानकारी मिलते ही उपनिरीक्षक प्रियांशु जोशी जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि काशीपुर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही आम बात है। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Comment