Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में फर्नीचर वर्कशॉप में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

देहरादून: शहर के व्यस्त इलाके लक्ष्मण चौक में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक फर्नीचर वर्कशॉप में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी वर्कशॉप लपटों में घिर गई। घटना रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब आधा दर्जन फायर टेंडरों की मदद से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पास में चल रहे एक शादी समारोह की आतिशबाजी से निकली चिंगारी वर्कशॉप में जा गिरी, जिससे आग भड़क उठी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

नगर अग्निशमन अधिकारी किशोर उपाध्याय ने बताया कि प्रथम दृष्टया आतिशबाजी की चिंगारी से आग लगने की संभावना है। विभाग की छह गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन वर्कशॉप में रखा फर्नीचर, लकड़ी, मशीनें और अन्य सामग्री जलकर पूरी तरह राख हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने एहतियातन क्षेत्र में भीड़ को हटाकर राहत कार्य को सुचारु रूप से संचालित कराया।

Leave a Comment