हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस पांवटा जा रही थी, हरिपुर क्वानू मीनस मार्ग पर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।
देहरादून: देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश से पांवटा साहिब जा रही एचआरटीसी की बस हरिपुर–क्वानू–मीनस मार्ग पर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसडीआरएफ की टीमें डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी से तत्काल रवाना की गईं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घायलों को खाई से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर HP-66A-2588 है। बस के परिचालक ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक दूसरे वाहन को पास देने के दौरान सड़क से ज्यादा बाहर निकल गया, जिससे बस संतुलन खो बैठी और खाई में गिर गई।
बस चालक का नाम दिनेश शर्मा और परिचालक का नाम जगदीश चंद बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
