Udayprabhat
Breaking Newsखेलदुनियादेश

डेवाल्ड ब्रेविस ने ऑक्शन में रचा इतिहास, टी20 लीग के बने सबसे महंगे खिलाड़ी, जानिए?- SA20 Auction 2025-26:

SA20 Auction 2025-26: डेवाल्ड ब्रेविस बने लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी, प्रिटोरिया कैपिटल्स ने 16.5 मिलियन रैंड में किया खरीद.

SA20 Auction:  दक्षिण अफ्रीका के युवा सनसनीखेज बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस ने मंगलवार को SA20 2025-26 की नीलामी में इतिहास रच दिया। महज 22 वर्षीय इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी को प्रिटोरिया कैपिटल्स ने रिकॉर्ड 16.5 मिलियन रैंड (लगभग 8 करोड़ 31 लाख रुपये) खर्च कर अपनी टीम में शामिल किया। इस तरह ब्रेविस SA20 के इतिहास में अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं।

एडेन मार्करम और ट्रिस्टन स्टब्स का टूटा रिकॉर्ड

इससे पहले SA20 में सबसे महंगे खिलाड़ी का रिकॉर्ड एडेन मार्करम के नाम था, जिन्हें 14 मिलियन रैंड में खरीदा गया था। उससे पहले 2023 में ट्रिस्टन स्टब्स 9.2 मिलियन रैंड की बोली में बिके थे। लेकिन ब्रेविस ने इन सभी रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ते हुए नई ऊँचाई हासिल कर ली।

9 सितंबर को हुई नीलामी में ब्रेविस को खरीदने के लिए जॉबर्ग सुपर किंग्स और प्रिटोरिया कैपिटल्स के बीच कड़ी टक्कर रही। दोनों फ्रेंचाइज़ियों ने बोली बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन आख़िरी बाज़ी प्रिटोरिया कैपिटल्स के हाथ लगी। इस टीम के हेड कोच भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली हैं, जिन्होंने ब्रेविस को लेकर कहा – “वह एक बेहतरीन खिलाड़ी है। पिछले डेढ़ साल में उसके खेल में जबरदस्त सुधार आया है और वह हर स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहा है।”

धमाकेदार फॉर्म में ब्रेविस..

ब्रेविस के महंगे बिकने की वजह उनका हालिया प्रदर्शन भी है। आईपीएल 2025 के दौरान चेन्नई ने उन्हें रिप्लेस खिलाड़ी के रूप में शामिल किया था, जहाँ उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सबको प्रभावित किया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्होंने तूफानी शतक जमाकर सबका ध्यान खींचा।

पिछले SA20 सीजन में ब्रेविस MI केपटाउन का हिस्सा थे और टीम को खिताब दिलाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। उस सीजन में उन्होंने 48.5 की औसत और 184.18 के स्ट्राइक रेट से 291 रन बनाए, जो उनकी धमाकेदार बल्लेबाजी का सबूत है।

इतिहास रचने के बाद अब ब्रेविस पर भारी उम्मीदों का बोझ होगा। क्रिकेट विशेषज्ञ मानते हैं कि यह युवा बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट का भविष्य है और SA20 लीग के जरिए वह अपनी बल्लेबाजी को और निखारेंगे। प्रिटोरिया कैपिटल्स की टीम उनसे विस्फोटक शुरुआत की उम्मीद करेगी, खासकर तब जबकि टीम का लक्ष्य खिताब जीतना होगा।

ब्रेविस ने नीलामी के बाद कहा कि वह इस अवसर को लेकर बेहद उत्साहित हैं और पूरी कोशिश करेंगे कि अपने प्रदर्शन से टीम और फैंस का विश्वास बनाए रखें।

Leave a Comment