वेन्यू बदलने की मांग नामंजूर, सुरक्षा तर्क को नहीं मिली मंजूरी
नई दिल्ली। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश की बड़ी मांग को खारिज कर दिया है। आईसीसी ने साफ शब्दों में कह दिया है कि बांग्लादेशी टीम को विश्व कप मुकाबले खेलने के लिए भारत आना ही होगा। तय कार्यक्रम से हटने की स्थिति में टीम को अंक गंवाने पड़ सकते हैं।
श्रीलंका में मैच कराने की मांग ठुकराई
सूत्रों के मुताबिक, आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच हुई एक वर्चुअल बैठक में यह फैसला लिया गया। बीसीबी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मैच भारत से बाहर कराने का अनुरोध किया था, लेकिन आईसीसी ने इसे स्वीकार नहीं किया।

आईसीसी का दो टूक संदेश
आईसीसी ने स्पष्ट किया कि टी20 वर्ल्ड कप के सभी मैच तय कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे। भारत में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई असाधारण स्थिति नहीं है, ऐसे में वेन्यू बदलने का सवाल नहीं उठता। अगर बांग्लादेश टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेता है तो उसे नियमों के तहत अंक कटौती का सामना करना पड़ेगा।
हालांकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के कुछ अधिकारियों का कहना है कि आईसीसी द्वारा अनुरोध ठुकराए जाने की औपचारिक जानकारी उन्हें अब तक नहीं मिली है। इसके बावजूद क्रिकेट जगत में इस फैसले को आईसीसी की सख़्त चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है।
मुस्तफिजुर रहमान विवाद से बढ़ा मामला
पूरा विवाद उस समय बढ़ा जब आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया। यह फैसला बीसीसीआई के सुझाव पर लिया गया था। बताया जा रहा है कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर भारत में विरोध के चलते यह कदम उठाया गया।
रहमान को रिलीज किए जाने के बाद बांग्लादेश सरकार ने टी20 वर्ल्ड कप के बहिष्कार की चेतावनी दी थी। बीसीबी ने आईसीसी को पत्र लिखकर कहा था कि भारत में मैच नहीं खेले जाएंगे और मुकाबलों को श्रीलंका में शिफ्ट किया जाए।
आईपीएल प्रसारण पर भी लगाई थी रोक
तनाव के बीच बांग्लादेश ने आईपीएल के टीवी प्रसारण पर भी रोक लगा दी थी। लेकिन अब आईसीसी के फैसले के बाद साफ हो गया है कि बांग्लादेश के पास भारत आकर खेलने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
