Udayprabhat
Breaking Newsखेलदुनियादेश

IND vs ENG: विश्वविजेता भारत फिर फाइनल में! इंग्लैंड को 07 रनों से हराकर फाइनल में पहुंची इंडिया

भारत ने वह कर दिखाया जो टी-20 विश्वकप के इतिहास में आज तक नहीं हुआ। इंग्लैंड को सेमीफाइनल में 7 रन से पटखनी देकर भारतीय टीम गत विजेता के रूप में टी-20 विश्वकप के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई।

मुंबई: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। इस जीत के साथ भारतीय टीम चौथी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचने में सफल रही। अब 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा।

मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। यह टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में भारत का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया।

भारत की ओर से संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रन बनाए। उनकी पारी में कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे। इसके अलावा ईशान किशन ने 18 गेंदों में 39 रन, शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रन, हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 रन और तिलक वर्मा ने 7 गेंदों में 21 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।

इंग्लैंड की गेंदबाजी इस मैच में काफी महंगी साबित हुई। जोफ्रा आर्चर ने 4 ओवर में 61 रन खर्च किए, जबकि सैम करन ने 4 ओवर में 53 रन दिए। वहीं विल जैक्स और आदिल राशिद ने दो-दो विकेट लेकर कुछ हद तक भारत की रफ्तार पर अंकुश लगाने की कोशिश की।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने भी जोरदार संघर्ष किया। जैकब बेथल ने 48 गेंदों में 105 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे। उन्होंने विल जैक्स के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 77 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की, जिससे इंग्लैंड मैच में बना रहा।

हालांकि अंतिम ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और इंग्लैंड को 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 246 रन तक ही सीमित रखा। भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने 4 ओवर में 38 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 31 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। अन्य गेंदबाजों को भी एक-एक विकेट मिला।

भारतीय गेंदबाजों में वरुण चक्रवर्ती सबसे महंगे रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 64 रन खर्च किए। शानदार बल्लेबाजी के लिए संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इस शानदार जीत के साथ भारत ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उसका सामना न्यूजीलैंड से होगा। अब सभी की नजरें 8 मार्च को अहमदाबाद में होने वाले खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं।

हिटमैन–थाला: वानखेड़े में बना यादगार फ्रेम

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल के दौरान एक खास पल कैमरे में कैद हुआ। जब एक ही फ्रेम में भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज — Rohit Sharma और MS Dhoni — साथ नजर आए, तो स्टेडियम में मौजूद फैंस के लिए यह पल बेहद खास बन गया।


मैच के दौरान दोनों दिग्गजों की मुलाकात और बातचीत की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं। फैंस ने इसे भारतीय क्रिकेट की दो अलग-अलग पीढ़ियों का खूबसूरत संगम बताया।

दोनों खिलाड़ी भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 सेमीफाइनल को देखने के लिए स्टेडियम पहुंचे थे, जहां उनके साथ दिखने का यह पल क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार बन गया।

 

खूब डटा रहा वो…
हार के बीच भी उम्मीद की दीवार बनकर खड़ा रहा।

नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने उतरे जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की उम्मीदों को अंत तक जिंदा रखा। उन्होंने केवल 48 गेंदों में 105 रनों की बेहतरीन पारी खेली। हालांकि 20वें ओवर की पहली गेंद पर बेथेल रनआउट हो गए और उनके आउट होते ही इंग्लैंड की जीत की उम्मीदें भी खत्म हो गईं। अंत में टीम को मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।

 

 

Leave a Comment