रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक 17 वर्षीय किशोर की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, किशोर की किसी से इंस्टाग्राम के माध्यम से पहचान हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती रही, लेकिन समय के साथ यह दोस्ती गहरी होती गई और दोनों के बीच करीबी संबंध बन गए। बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर दूरी बढ़ गई और बातचीत बंद हो गई, जिससे किशोर मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था।
परिजनों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से वह काफी चुप-चुप रहने लगा था और घर के लोगों से भी ज्यादा बात नहीं कर रहा था। परिवार को पहले उसकी परेशानी की वजह समझ नहीं आई। बाद में उन्हें सोशल मीडिया के जरिए बने रिश्ते और उसके टूटने की जानकारी मिली।
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन किशोर घर पर ही मौजूद था। कुछ समय बाद जब परिजन कमरे में पहुंचे तो वह अचेत अवस्था में मिला। यह देख परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया। इसके बाद पुलिस को भी सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही दिनेशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि किशोर अपने परिवार में पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
