Udayprabhat
Breaking Newsखेलदेश

रोहित-कोहली को हल्के में लिया तो पछताना पड़ेगा… कीवी कप्तान का बयान हुवा वायरल

माइकल ब्रेसवेल बोले—दोनों दिग्गजों का रिकॉर्ड खुद देता है जवाब, अब भी हैं मैच विनर

भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले न्यूजीलैंड के कार्यवाहक कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े नाम रोहित शर्मा और विराट कोहली—को लेकर बड़ा बयान दिया है। ब्रेसवेल ने साफ कहा कि इन दोनों दिग्गज बल्लेबाजों को हल्के में लेना किसी भी टीम के लिए भारी भूल साबित हो सकती है।

ब्रेसवेल ने कहा कि रोहित और कोहली का अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड उनकी काबिलियत का सबसे बड़ा सबूत है। दोनों ने वर्षों से भारत को बल्ले से आगे बढ़ाया है और मुश्किल हालात में टीम को जीत दिलाई है। ऐसे खिलाड़ियों को कम आंकना बेवकूफी के अलावा कुछ नहीं।

कीवी कप्तान ने यह भी उम्मीद जताई कि ये दोनों स्टार खिलाड़ी 2027 के वनडे वर्ल्ड कप में भी खेलते नजर आएं। उन्होंने कहा कि जब खिलाड़ी शानदार फॉर्म में हों और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हों, तो संन्यास की कोई जल्दी नहीं होनी चाहिए।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज 11 जनवरी से वडोदरा में शुरू हो रही है। इस सीरीज में माइकल ब्रेसवेल न्यूजीलैंड की कमान संभाल रहे हैं, क्योंकि टीम मैनेजमेंट टी20 वर्ल्ड कप 2026 को देखते हुए नियमित कप्तान मिचेल सेंटनर को जोखिम में नहीं डालना चाहता।

इस दौरे पर न्यूजीलैंड की टीम युवा और कम अनुभवी खिलाड़ियों से सजी है। लेफ्ट-आर्म स्पिनर जेडन लेनोक्स वनडे डेब्यू के लिए तैयार हैं, जबकि क्रिस्टियन क्लार्क, आदि अशोक, जोश क्लार्कसन, निक केली, बेवॉन जैकब्स और माइकल रे जैसे खिलाड़ी टीम का हिस्सा हैं।

गौरतलब है कि भारत के खिलाफ माइकल ब्रेसवेल का वनडे रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने पांच पारियों में 60.75 के औसत और 140 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 243 रन बनाए हैं। 2023 में भारत के खिलाफ खेली गई 140 रनों की पारी उनके वनडे करियर की सर्वश्रेष्ठ पारियों में शामिल है। ब्रेसवेल को वनडे क्रिकेट में 1,000 रन पूरे करने के लिए अब सिर्फ 88 रनों की जरूरत है।

Leave a Comment