नैनीताल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह, हाईकोर्ट में जजों की संख्या पहुंची 10
नैनीताल: नैनीताल स्थित उत्तराखंड उच्च न्यायालय में गुरुवार को अधिवक्ता सिद्धार्थ साह ने अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। उन्हें मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी नरेंद्र ने शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के साथ ही हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की कुल संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
सिद्धार्थ साह बने उत्तराखंड हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश

मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी नरेंद्र के न्यायालय में आयोजित समारोह में रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता ने राष्ट्रपति के हस्ताक्षरों से जारी नियुक्ति वारंट का वाचन किया। इसके उपरांत सिद्धार्थ साह को उत्तराखंड हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई गई।
शपथ ग्रहण समारोह में वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज तिवारी, न्यायमूर्ति रविन्द्र मैठाणी, न्यायमूर्ति आलोक वर्मा, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित, न्यायमूर्ति आशीष नैथानी, न्यायमूर्ति आलोक मेहरा एवं न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय सहित महाधिवक्ता एस.एन. बाबुलकर उपस्थित रहे। इसके अलावा मुख्य स्थायी अधिवक्ता सी.एस. रावत, बार एसोसिएशन अध्यक्ष डीसीएस रावत, महासचिव सौरभ अधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बार काउंसिल के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता, सेवानिवृत्त न्यायाधीश, प्रशासनिक अधिकारी तथा न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह के परिजन और शुभचिंतक भी उपस्थित रहे। समारोह में उनके पिता वरिष्ठ अधिवक्ता एम.एल. साह सहित परिवार के सदस्य शामिल हुए।
कल रिटायर हो रहे हैं हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस

गौरतलब है कि उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी नरेंद्र शुक्रवार 9 जनवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उन्होंने 26 दिसंबर 2024 को मुख्य न्यायाधीश का पदभार संभाला था। न्यायिक सेवा के साथ-साथ वे एनसीसी के उत्कृष्ट कैडेट और मार्शल आर्ट में जूडो के राज्य स्तरीय स्वर्ण पदक विजेता भी रह चुके हैं।
