नई दिल्ली: भारत के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह इन दिनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। एशिया कप 2025 से पहले वह यूपी टी20 लीग में मेरठ मेवरिक्स की कप्तानी कर रहे हैं और बल्ले से लगातार रन बरसा रहे हैं। इस सीजन उन्होंने 10 मैचों में 66.40 की औसत से 332 रन बनाए हैं। मैदान पर उनके चौके-छक्कों की गूंज के साथ अब उनका एक और वीडियो सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है।
वायरल हुआ मैदान पर प्यार भरा पल
दरअसल, लखनऊ के इकाना स्टेडियम से रिंकू सिंह और उनकी मंगेतर व सपा सांसद प्रिया सरोज का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में रिंकू मैदान पर अभ्यास कर रहे थे, तभी प्रिया उन्हें सरप्राइज देने के लिए पहुंच गईं। दोनों की मुलाकात का यह खास पल कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते वायरल हो गया।
हंसी-मजाक और इंगेजमेंट रिंग की झलक
वीडियो में रिंकू हाथ में बैट लिए खड़े नजर आ रहे हैं और उनके पीछे खिलाड़ी प्रैक्टिस कर रहे हैं। तभी प्रिया सरोज उनसे आकर मिलती हैं। दोनों हंसी-मजाक करते हुए काफी देर तक बातें करते हैं। इस दौरान प्रिया अपनी इंगेजमेंट रिंग भी फ्लॉन्ट करती दिखीं। फैंस को यह प्यार भरा लम्हा बेहद पसंद आया और सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से ट्रेंड करने लगा।
कैसे शुरू हुई थी लव स्टोरी?
रिंकू ने एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में बताया कि उनकी और प्रिया की बातचीत 2022 में कोविड के दौरान शुरू हुई थी। प्रिया ने इंस्टाग्राम पर रिंकू की तस्वीरें लाइक की थीं। इसके बाद रिंकू ने उन्हें मैसेज किया और धीरे-धीरे चैट दोस्ती में और फिर दोस्ती प्यार में बदल गई। आखिरकार 5 जून 2025 को दोनों ने सगाई कर ली।
मैदान और रिश्ते में बैलेंस
रिंकू भले ही भारतीय टीम के लिए अभी तक 2 वनडे और 33 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच ही खेले हों, लेकिन उनका नाम बड़े हिटर्स में गिना जाता है। भारत के लिए उन्होंने 546 टी20 रन बनाए हैं। मैदान पर उनकी मेहनत और रिश्ते में उनका अपनापन दोनों ही उन्हें खास बनाते हैं। प्रिया भी अक्सर उनके मैच देखने स्टेडियम पहुंचती हैं, जिससे फैंस के बीच दोनों की जोड़ी चर्चा का विषय बनी रहती है।
फैंस ने रिंकू और प्रिया की जोड़ी को “पावर कपल” का टैग दिया है। क्रिकेट के मैदान पर ऐसे लम्हे कम ही देखने को मिलते हैं, जब खिलाड़ी का निजी जीवन और पेशेवर करियर एक साथ सुर्खियां बटोरें। रिंकू और प्रिया की यह मुलाकात उसी की मिसाल है।

