Udayprabhat
Breaking Newsखेलदेश

ASIA CUP 2025: भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच BCCI ने एसीसी के सभी टूर्नामेंटों से बाहर रहने का लिया फैसला, इस टूर्नामेंट में नहीं खेलेगी टीम इंडिया

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे विवाद के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अनिश्चित काल के लिए एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के सभी टूर्नामेंटों से बाहर रहने का निश्चय किया है।

भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव का असर क्रिकेट संबंधों पर पड़ सकता है। इंडिया टुडे के सूत्रों के अनुसार, भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) को मौखिक रूप से सूचित किया है कि वह आगामी मेन्स एशिया कप 2025 में भाग नहीं लेगा और इसकी मेजबानी भी नहीं करेगा।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने एसीसी को अगले महीने श्रीलंका में होने वाले महिला इमर्जिंग टीम एशिया कप और सितंबर में पुरुष एशिया कप से हटने की जानकारी दे दी है। एसीसी के अध्यक्ष वर्तमान में पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी हैं, जो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष भी हैं।

सूत्रों ने कहा कि भारतीय टीम के बिना एशिया कप की मेजबानी करना ACC के लिए संभव नहीं होगा, क्योंकि प्रतियोगिता के अधिकांश स्पॉंसर भारत से हैं। भारत-पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबले के बिना टूर्नामेंट दर्शकों को आकर्षित नहीं कर सकेगा। गत चैंपियन भारत, पुरुष एशिया कप 2025 का मेजबान है, और बीसीसीआई का यह रुख टूर्नामेंट पर सवाल खड़े कर रहा है। भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और श्रीलंका की भागीदारी वाले इस टूर्नामेंट को फिलहाल टालने का फैसला लिया गया है।

यदि एशिया कप नहीं होता है, तो ACC को सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (SPNI) के साथ अपने प्रसारण सौदे पर फिर से काम करना पड़ेगा। बता दें कि, पिछले एशिया कप का आयोजन पाकिस्तान ने किया था, लेकिन बीसीसीआई ने हाइब्रिड मॉडल के तहत टीम इंडिया को पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया था। भारत ने अपने सभी मैच श्रीलंका में खेले और प्रतियोगिता का खिताब जीता।

Leave a Comment