श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स 11 साल बाद आईपीएल फाइनल में पहुँची, मुंबई बाहर
अहमदाबाद: आईपीएल 2025 के क्वालीफायर-2 में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। अब 3 जून को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में फाइनल मुकाबला पंजाब और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाएगा। इस हार के साथ मुंबई इंडियंस का इस सीजन का सफर खत्म हो गया।
मैच में पंजाब की जीत के हीरो कप्तान श्रेयस अय्यर रहे, जिन्होंने तीसरे ओवर में क्रीज पर आकर 19वें ओवर तक टीम को मजबूती से संभाले रखा और जीत तक पहुँचाया। इसी के साथ पंजाब किंग्स ने 11 साल बाद, यानी आईपीएल 2014 के बाद, फाइनल में वापसी की है।

श्रेयस अय्यर को उनकी शानदार पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने आईपीएल इतिहास में तीन अलग-अलग टीमों – दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और अब पंजाब किंग्स – को फाइनल में पहुँचाने वाले पहले कप्तान बनने का गौरव भी हासिल किया। वह 2024 में केकेआर को खिताब भी दिला चुके हैं।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 203 रन बनाए। जवाब में पंजाब किंग्स ने 19 ओवर में 5 विकेट पर 207 रन बनाकर 6 गेंद शेष रहते हुए मुकाबला अपने नाम किया और फाइनल में दमदार एंट्री मारी।

