अकादमी के नाम जुड़ेगा 66 हजार से अधिक सैन्य अफसर देने का गौरव.
श्रीलंका के सेना प्रमुख ले. जनरल लासांथा रोड्रिगो लेंगे परेड की सलामी.
देहरादून : भारतीय सैन्य अकादमी में पासिंग आउट परेड आज शनिवार को होगी। श्रीलंका के सेना प्रमुख ले. जनरल वीकेजीएम लासांथा रोड्रिगो बतौर रिव्यूइंग आफिसर परेड का निरीक्षण कर पास आउट हो रहे जेंटलमैन कैडेटों से सलामी लेंगे।
वह शुक्रवार को सैन्य अकादमी पहुंच गए हैं। श्रीलंका के सेना प्रमुख ने भी प्री-मिलिट्री ट्रेनिंग आईएएम में ही प्राप्त की थी। वह दिसंबर 1990 में अकादमी से प्रशिक्षण पूरा कर पास आउट हुए थे। तमाम गणमान्य लोगों, विदेशी मेहमानों, वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों व कैडेटों के स्वजनों की मौजूदगी में आयोजित होने वाली गरिमामय परेड की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अकादमी के ऐतिहासिक चेटवुड भवन के सामने ड्रिल स्क्वायर पर परेड सुबह छह बजे से शुरू हुई. परेड के उपरांत आयोजित होने वाली पीपिंग व ओथ सेरेमनी के बाद 156वें रेगूलर कोर्स और 139वें टेक्नीकल ग्रेजुएट कोर्स के कुल 451 जेंटलमैन कैडेट बतौर लेफ्टिनेंट देश-विदेश की सेना की मुख्यधारा में शामिल हो जाएंगे। इनमें 419
युवा सैन्य अधिकारी भारतीय थलसेना को मिलेंगे, जबकि 32 युवा सैन्य अधिकारी नौ मित्र देशों की सेना का अभिन्न अंग बनेंगे।
शनिवार को सैन्य अकादमी के नाम देश-विदेश की सेना को 66 हजार से अधिक युवा सैन्य अधिकारी देने का गौरव जुड़ जाएगा। इनमें मित्र देशों को मिले तीन हजार सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं। पीओपी के मद्देनजर अकादमी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। चप्पे-चप्पे पर सेना के सशस्त्र जवान तैनात हैं। अकादमी परिसर के बाहरी क्षेत्र में सुरक्षा का जिम्मा दून पुलिस के पास है। परेड के दौरान शनिवार सुबह पांच बजे से दोपहर 12 बजे तक पंडितवाड़ी से लेकर प्रेमनगर तक जीरो जोन रहेगा। इस दौरान यातायात को अन्यत्र रूट से डायवर्ट किया जाएगा।
