चारधाम यात्रा पर निकले राजस्थान-गुजरात के श्रद्धालु हादसे का शिकार, रेस्क्यू में 9 लोग सुरक्षित निकाले गए, 3 गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट किया गया.
रुद्रप्रयाग : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार सुबह बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। घोलतीर के पास एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए अलकनंदा नदी में समा गई। हादसे के वक्त वाहन में चालक समेत कुल 20 लोग सवार थे।
यह सभी यात्री राजस्थान के उदयपुर और गुजरात से आए एक ही परिवार से संबंधित बताए जा रहे हैं, जो चारधाम यात्रा पर निकले थे। हादसे के समय वे केदारनाथ दर्शन के बाद बदरीनाथ जा रहे थे।
रेस्क्यू अभियान तेज, अब तक 2 की मौत की पुष्टि:
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन और जिला प्रशासन की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने जानकारी दी कि अब तक 9 लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जिनमें 2 की मौत हो चुकी है। मृतकों में एक महिला शामिल है।
8 घायलों को रुद्रप्रयाग जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ छोटे बच्चे भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को एयर लिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया: तीन लोग छिटककर बाहर गिरे:
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के दौरान तीन यात्री वाहन से छिटककर बाहर गिर गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सड़क तक पहुंचाया गया। ये यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।
अन्य यात्री नदी की तेज धारा में बह गए। एक शव बहते हुए शिवपुरी तक पहुंचा, जिसे रेस्क्यू टीम ने बरामद कर लिया।
हादसे से जुड़ी प्रमुख जानकारी:
वाहन संख्या: UK 08 PA 7444 (31-सीटर बस)
कुल सवार: 20 (चालक सहित)
रेस्क्यू हुए: 09
मृतक: 02
घायल: 08
लापता: 10 (तलाश जारी है)
क्षेत्र में शोक का माहौल:
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। लापता यात्रियों की तलाश लगातार जारी है।
